👉विकास दुबे के गांव विकरु में 25 साल बाद हुआ निष्पक्ष चुनाव ।
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर की चर्चित बिकरू ग्राम पंचायत में करीब 25 साल बाद कोई निष्पक्ष रूप से प्रधान बना है। यहां मधु ने 381 वोट हासिल कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया है। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बिंद कुमार को 54 वोटों से हराया। इसके पहले विकास दुबे की दहशत और प्रभाव के कारण 1995 से अभी तक कभी निष्पक्ष मतदान नहीं हुआ था। ज्ञात हो कि बिकरू गांव पिछले साल तब सुर्खियों में आया जब वहां दुर्दांत विकास दुबे ने आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। जिसके बाद पुलिस एनकाउंटर में विकास दुबे और उसके 5 साथी ढेर हो गए थे। लंबे समय तक आतंक का पर्याय बने रहे विकास दुबे के अंत के बाद बिकरू ग्राम पंचायत में लगभग ढाई दशक बाद एक बार पुन: लोकतंत्र बहाल हो गया। 25 साल बाद बिना किसी दबाव के चुनाव हुए। मतदान में गणना के बाद मधु ने जीत दर्ज करके इतिहास रच दिया है। यहां मधु और प्रतिद्वंद्वी बिंदु कुमार के बीच कांटे की टक्कर रही। कड़े मुकाबले के बाद मधु ने जीत दर्ज की है। जनता ने भी अपने-अपने प्रत्याशियों का खुलकर समर्थन किया। मुख्य मुकाबला मधु और बिंद कुमार के बीच रहा। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान मधु का कहना है कि अभी तक गांव में जो भी हुआ उसे भुलाकर पूरी निष्ठा व निष्पक्षता के साथ गांव में विकास कार्य कराएंगी। गौरतलब है कि 14 सौ वोटर वाली बिकरू ग्राम पंचायत इस बार आरक्षित सीट थी। जिस पर 10 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। ज्ञात हो कि विकास जिसे चाहता था, उसे निर्विरोध चुनाव जितवाता था। बिकरू ग्राम पंचायत में विकास दुबे के रहते किसी ने चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटाई। 1995 में विकास के प्रधान बनने के बाद ग्राम पंचायत विकास की विरासत सी बनकर रह गई थी। उसने जिसे चाहा, उसे प्रधान बनाया। 25 वर्षों के दौरान प्रधान कोई भी रहा हो लेकिन अधिकार सारे विकास दुबे के पास रहे। विकास दुबे के एनकाउंटर के साथ ही उसकी दहशत का भी अंत हुआ और इस बार 10 लोगों ने प्रधानी के लिए दावा किया। दूसरी ओर बिकरू गांव के ठीक बगल में भीठी ग्राम पंचायत में भी हमेशा से ही विकास की ही दखलंदाजी रही। यहां भी इस बार निष्पक्ष चुनाव में रीता देवी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी मीरा देवी को 157 वोटों से हराया। बकौल रीता गांव का विकास कराना ही उनकी प्राथमिकता होगी। गौरतलब हो कि 25 साल पहले विकास दुबे यहां का प्रधान बना था। जिसके बाद से वहां पर निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सका। विकास दुबे जिसे चाहता था वहीं चुनाव जीतता था। विकास बिकरू ही नहीं आसपास के इलाके में निर्विरोध प्रधान का चुनाव करा देता था। पिछली बार उसकी बहू अंजली दुबे बिकरू से ग्राम प्रधान थी। जबकि उसकी पत्नी रिचा दुबे घिमऊ से क्षेत्र जिला पंचायत सदस्य थी। ग्रामीण इस बार निष्पक्ष चुनाव होने से काफी खुश हैं। बिकरू और आसपास के गांवों का आलम यह था कि कई युवाओं ने पहली बार यहां पंचायत चुनाव प्रचार देखा था। इतना ही नहीं प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग रहे थे। प्रधान पर विजयी हुई मधु का कहना है कि वह बिकरू के विकास के लिए काम करेंगी।
👉रोहतक : फोन में नहीं चल रहा था BHIM App, कस्टमर केयर पर की कॉल और बैंक खाते से उड़ गए 3 लाख 39 हजार 997 रुपए ।
ऑनलाइन ठगी का शिकार आज कल हर वर्ग हो रहा है। चालाकियों का आलम इस तरह है कि अब ठग नए-नए माध्यम से धोखाधड़ी कर रहे है। ताज़ा वाक़्या रोहतक में एक व्यक्ति के साथ हुआ जब उसके फोन में BHIM ऐप्प नहीं चल रही थी। जानकारी के अनुसार रोहतक के रैवेन्यू कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने बताया कि उसका खाता SBI की लघु सचिवालय स्थित शाखा में है।
वह अपने मोबाइल में BHIM ऐप्प और बैंक का अपना ऐप्प YONO इस्तेमाल करता है। कई दिन से BHIM ऐप्प नहीं चल रहा था। इसकी जानकारी के लिए उसने कस्टमर केयर नंबर पर बात की।फोन पर बात करने वाले ने मदद के नाम पर उसके फोन में रिमोट पर लेने के लिए एक और ऐप्प इंस्टाल कराई और फिर जो हुआ, उसके बाद उसके पैर तले की जमीन खिसक गई। उसके खाते से 3 रुपए कम पूरे 3 लाख 40 हजार निकल गए।
बात करते-करते एक दूसरे नंबर से कॉल आई, जिसने कहा कि इस नंबर पर बात करो। तभी उससे एनी डेस्क एप्लीकेशन मोबाइल में डाउनलोड करवाई और SBI एप्लिकेशन की भी पूरी जानकारी ले ली।
थोड़ी देर बाद शक होने पर पीड़ित ने फोन काट दिया और खाते में बैलेंस चेक किया। पता चला कि अलग-अलग ट्रांजक्शन करके उसके खाते से 3 लाख 39 हजार 997 रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद उस नंबर पर दोबारा कॉल की, लेकिन किसी से बात नहीं हुई। अपने साथ हुए धोखे के बारे में विजय ने पुलिस को शिकायत दी तो थाना सिविल लाइन की पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
इसकी पुष्टि करते हुए DSP सुशीला ने कहा कि कस्टमर केयर के नाम पर ठगी के काफी मामले सामने आ रहे हैं। इन्हें ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ मामले ट्रेस कर आरोपितों को गिरफ्तार भी किया है। लोगों को भी जागरूक होना होगा।
Comments
Post a Comment
सच्ची पहल समाचार में आपका स्वागत है आप अपने सुझाव विचार एवं शिकायत हमें व्हाट्सएप करें : 8273195247
आप हमें ईमेल भी कर सकते हैं - sachchipahal@gmail.com